द फॉलोअप टीम, दिल्ली:
इजराइली स्पाइवेयर पेगासस के माध्यम से भारत में पत्रकारों, विपक्षी नेताओं, वैज्ञानिकों, वकीलों और अपने सरकारी अधिकारियों समेत सरकार के ही मंत्रियों तक के नंबर टैप करने के मामले की सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने एक बड़ा कदम उठाया है। भारत में पेगासस के माध्यम से जासूसी किये जाने के मामले की जाँच करने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने एक तीन सदस्यीय विशेषज्ञ समिति का गठन किया है। सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जस्टिस आर वी रवीन्द्रन की अद्यक्षता में यह समिति काम करेगी। सुप्रीम कोर्ट ने तीन सदस्यीय विशेषज्ञ समिति को आदेश दिया है कि पेगासस से जुड़े मामले में जल्द से जल्द जांच कर रिपोर्ट सौपें। बता दें कि सुप्रीम कोर्ट में पेगासस मामले की दुबारा सुनवाई अब 8 हफ्ते बाद होगी।
सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार की मांग को किया ख़ारिज
सुप्रीम कोर्ट में केंद्र सरकार ने एक सरकारी पैनल बनाकर पेगासस मामले की जांच करने की मांग सुप्रीम कोर्ट से की थी, जिसे सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र के इस मांग को यह कह कर ख़ारिज कर दिया कि निष्पक्ष जांच सरकार की एक्सपर्ट कमेटी नहीं कर सकती क्योंकि केंद्र और राज्य सरकारों पर खुद नागरिकों के अधिकारों के हनन करने का आरोप है। साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने विशेष तौर पर कहा है कि अगर पेगासस मामले की जांच केंद्र सरकार को करने दी गयी तो यह न्याय के सिद्धांत के साथ उलंघन होगा, क्योंकि न्याय सिर्फ किया ही नहीं जाना चाहिए बल्कि न्याय होते दिखना भी चाहिए।

पेगासस मामले की जांच करने वाली विशेषज्ञ कमेटी में यह लोग होंगे शामिल
1. जस्टिस आर. वी. रवींद्रन - कई महत्वपूर्ण मामले की जांच कमेटी में शामिल रहे जस्टिस रवीन्द्रन साल 2005 से 2011 तक सुप्रीम कोर्ट के जज रहे हैं। साथ हीं 2013 से 2019 तक नेशनल ब्राडकास्टिंग अथॉरिटी के चेयरमैन भी रहे हैं।
2. आलोक जोशी - आईबी के जॉइंट डायरेक्टर, रॉ के सेक्रेटरी और नेशनल टेक्निकल रिसर्च आर्गेनाइजेशन के चेयरमैन पद पर रहे आलोक जोशी 1976 बैच के आईपीएस अफसर हैं।
3. डॉ. संदीप ओबरॉय - टीसीएस के साइबर सिक्योरिटी सर्विसेज के ग्लोबल हेड रहे डॉ संदीप ओबरॉय फिलहाल इंडियन आर्गेनाइजेशन ऑफ़ स्टैंडर्ड्स के इंटरनेशनल इलेक्ट्रो- टेक्निकल कमिशन की जॉइंट टेक्निकल कमेटी के चेयरमैन हैं।
गौरतलब है कि इजराइली स्पाइवेयर पेगासस मामले की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित तीन सदस्यीय विशेषज्ञ कमेटी को सहयोग करने के लिए तकनीक कमेटी का भी गठन किया गया है। सहयोगी तकनीक कमेटी में ये तकनीक विशेषज्ञ रहेंगे शामिल-
1. डॉ नविन चौधरी (नेशनल फोरेंसिक साइंसेज यूनिवर्सिटी में साइबर सिक्योरिटी व डिजिटल फोरेंसिक के प्रोफेसर व डीन),
2. डॉ. प्रभाहरन पी (साइबर सिक्योरिटी में दो दशक का अनुभव),
3. डॉ. आश्विन अनिल गुमस्ते (आईआईटी बॉम्बे में कंप्यूटर साइंस एंड इंजिनीरिंग के असोसिएट प्रोफेसर है)।